
पेंड्रा को बिलासपुर से जोड़ने वाली मुख्य कनेक्टिविटी सड़क NH-45 पर इन दिनों जाम की समस्या आम हो गई है। केंदा से रतनपुर के बीच निर्माणाधीन सड़क की बदहाल स्थिति के चलते वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह कीचड़ और दलदल में भारी वाहन फंस रहे हैं, जिसके कारण घंटों लंबा जाम लग रहा है। मंगलवार को भी मझवानी के पास एक भारी वाहन के फंस जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ा।
ये निर्माणाधीन सड़क NH-45 है, जहां खराब सड़क और कीचड़ के कारण एक भारी वाहन दलदल में आज भी फंस गया। वाहन के फंसते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पेंड्रा और बिलासपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
केंदा से रतनपुर के बीच निर्माणाधीन NH-45 के दरसागर, मझवानी, छतौना समेत कई हिस्सों में सड़क की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और गाद जमा होने से स्थिति और भी बिगड़ गई है। भारी वाहनों के लगातार फंसने से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क को सुचारू रूप से चलने लायक बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ठेकेदार और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कथित लापरवाही और उदासीनता का खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
NH-45 पेंड्रा को बिलासपुर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले इस रास्ते पर लगातार लग रहे जाम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग कब इस समस्या का संज्ञान लेकर सड़क को यातायात के लिए सुचारू बनाता है।
