सुर्खियां

बिजली के खंभे पर काम करते समय करंट लगने से ठेका कर्मचारी की मौत, जांच में जुटा विभाग

कोटा – बिलासपुर जिले के कोटा नगर में बिजली विभाग के एक ठेका कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं घटना को लेकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, नीलकमल भारद्वाज (पिता- रामकिशुल भारद्वाज), निवासी ग्राम अमली बिजली विभाग में ठेका कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को वे गढ़्ढापारा स्थित आईटीआई के पास बिजली के खंभे पर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वे उसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, प्रारंभिक स्तर पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार्य शुरू करने से पहले सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!