
रतनपुर – हर दिल में तिरंगा और हर मन में राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर मंगलवार को कोटा विधानसभा अंतर्गत भाजपा मंडल रतनपुर द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ वार्ड क्रमांक 07 स्थित सत्या पेट्रोल पंप से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण यात्रा में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा रतनपुर शहर के मेन चौक, रेस्ट हाउस चौक, हाई स्कूल चौक, मां महामाया देवी चौक, भीम चौक, गांधी नगर एवं महामाया कॉलेज होते हुए ग्राम पंचायत घासीपुर-लालपुर, सिल्ली मोड़, ग्राम पंचायत पोड़ी, नवागांव, जमुनाही-तिलकडीह, मोहदा-दोनासागर, डोगी-नवागांव, बिरगहनी-सेमरा, खुटापारा-चपोरा तथा खैरा से होते हुए भयहरण स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
जगह-जगह हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत
यात्रा के दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माताओं, बहनों, युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा के दौरान नगर पालिका रतनपुर मेला ग्राउंड में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत पोड़ी एवं ग्राम पंचायत जमुनाही स्थित अटल चौक पर भी अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
यात्रा के समापन अवसर पर भयहरण स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की गई।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में भाजपा मंडल के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष लवकुश कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप, मंडल प्रभारी महाराज सिंह नायक, ज्वाला कौशिक, मंडल महामंत्री प्रशांत यादव, रोहिणी बैसवाड़े, संतोष तिवारी, घनश्याम रात्रे, सुरेश सोनी, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजू दास मानिकपुरी, महामंत्री दीपेश जलकारे, राहुल कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों देशवासियों के सम्मान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
पूरी यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष और तिरंगे की आन-बान-शान के साथ कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। यात्रा ने रतनपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का माहौल बना दिया।
