
कोटा – राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार, 10 अगस्त 2026 को विकासखण्ड कोटा में व्यापक अभियान चलाकर 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा एल्बेन्डाजोल का सेवन कराया गया। यह अभियान विकासखण्ड के शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए उनके स्वास्थ्य, पोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाना है।
इस अवसर पर विकासखण्ड स्तरीय उद्घाटन समारोह कन्या शाला, कोटा में आयोजित किया गया, जहां उपस्थित बालिकाओं को एल्बेन्डाजोल की दवा का सेवन कराया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, कोटा श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू ने बच्चों को एल्बेन्डाजोल की गोली का सेवन करने हेतु प्रोत्साहित किया। वहीं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए स्वयं एल्बेन्डाजोल की दवा का सेवन किया तथा बच्चों को भी दवा लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्राचार्य द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के आयोजन एवं इसके उद्देश्यों की जानकारी दी गई। विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी द्वारा एल्बेन्डाजोल के सेवन से होने वाले लाभ एवं बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि श्री प्रतीक त्रिवेदी, पार्षद श्री कान्हा गुप्ता, स्कूल प्राचार्य, कन्या शाला प्राचार्य, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी, विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक, डी.के.पी. प्राचार्य, स्वास्थ्य विभाग के पर्यवेक्षक, आर.एच.ओ., मितानिन सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों एवं अभिभावकों को कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता एवं नियमित कृमिनाशक दवा सेवन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
