
बिलासपुर – थाना कोटा क्षेत्र अंतर्गत डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल से लापता हुए छात्र को पुलिस ने आखिरकार नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। छात्र के गायब होने के पीछे ऑनलाइन गेमिंग में कर्ज और परिवार के डर की बात सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुमशुदगी क्रमांक 29/2026 के तहत रोहित कुमार (20 वर्ष), निवासी महावीर कॉलोनी, संगम चौक, गया (बिहार), जो कि कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में बी. फार्मेसी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र है और छात्रावास में रह रहा था, 6 मार्च 2026 से अचानक लापता हो गया था।

7 मार्च 2026 को फिरंगीपारा निवासी राजा मिश्रा ने थाना कोटा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू की। इस दौरान क्लासमेट्स से पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खातों की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई। टीम ने दमोह, मथुरा और वृंदावन तक जाकर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे “तलाश अभियान” के तहत लगातार प्रयास जारी रहे। आखिरकार 25 अप्रैल 2026 को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रोहित के नागपुर में होने की जानकारी मिली। तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई और 26 अप्रैल को उसे नागपुर से बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में रोहित ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग में लिप्त था और कई लोगों से उधार लेकर गेम में पैसे लगा चुका था। इस बात को अपने पिता को बताने से डरकर उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई थी।
बरामदगी के बाद पुलिस ने छात्र को उसके परिजनों को सौंप दिया है।
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक नरेश चौहान, उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
