

बिलासपुर – राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल उमरिया दादर में बालिकाओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री लवकुश कश्यप रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री संतोष दास मानिकपुरी ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष (बिलासपुर ग्रामीण) श्री तिरिथ यादव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री लवकुश कश्यप ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि भाजपा सरकार द्वारा वर्ष 2004-05 में प्रारंभ की गई सरस्वती साइकिल योजना ने आज लाखों बेटियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल साइकिल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं को सशक्त, स्वावलंबी एवं शिक्षित बनाने का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय तक पहुँचने में होने वाली सुविधा से बालिकाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और उनके सपनों को नई उड़ान मिली है। यही “बेटी पढ़े, देश बढ़े” का वास्तविक और सशक्त स्वरूप है।

इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री ज्वाला कौशिक, सरपंच श्रीमती संतोषी पैकरा, उत्तम सिंह राजपूत (मंडल कार्य समिति सदस्य), भानु प्रताप कश्यप (जिला किसान मोर्चा मंत्री), जयसिंह पैकरा (जनपद सदस्य प्रतिनिधि), रामकेश्वर साहू (मंडल उपाध्यक्ष), मनोज कश्यप (मंडल मंत्री), भाउराम जायसवाल, लखन सिंह, भागवतगीर, ऋषि सोनी (भाजयुमो रतनपुर), राजू दास मानिकपुरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, ग्रामवासी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि शिक्षा ही सशक्तिकरण का आधार है और सशक्त बेटियाँ ही सशक्त भारत की पहचान हैं।



