सुर्खियां

कोटा विकासखंड में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सामूहिक दवा सेवन अभियान का शुभारंभ

बिलासपुर – राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड कोटा में सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का आज औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत कोटा विकासखंड की कुल 3 लाख 8 हजार 113 जनसंख्या को फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कराया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु 550 दवा वितरण दलों का गठन किया गया है।


अभियान के प्रथम चरण में 10 फरवरी से 12 फरवरी तक स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को बूथ बनाकर दवा सेवन कराया गया। इसके पश्चात 13 फरवरी से 22 फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी। वहीं, छूटे हुए लाभार्थियों के लिए 23 फरवरी से 25 फरवरी तक मॉप-अप राउंड संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में कोटा विकासखंड के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी अभियान की शुरुआत की गई।


विकासखंड स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शासकीय कन्या हाई स्कूल, पुरानी बस्ती कोटा में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रतीक त्रिवेदी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कर आमजन को जागरूक होने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया (हाथीपांव) एक गंभीर एवं लाइलाज बीमारी है, लेकिन वर्ष में एक बार दवा का सेवन कर इससे बचाव संभव है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दवा का सेवन खाली पेट नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने फाइलेरिया मुक्त भारत के संकल्प के साथ अपने परिवार एवं आस-पड़ोस के लोगों को भी दवा सेवन कराने की शपथ ली।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिलेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाला रोग है, जिसके लक्षण कई वर्षों बाद दिखाई देते हैं। ऐसे में रोकथाम ही इसका सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें कोटा विकासखंड के प्रत्येक घर तक पहुँचकर दवा वितरण सुनिश्चित करेंगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज दुर्गेश साहू, विधायक प्रतिनिधि प्रतीक त्रिवेदी, बीएमओ डॉ. निखिलेश गुप्ता, बीपीएम श्रीमती श्वेता सिंह, वीबीडीटीएस अतुल सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती आशा दत्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्वास्थ्य विभाग का अमला, मितानिन कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!