
कोटा – रतनपुर–बेलगहना–गौरेला-पेंड्रा–अमरकंटक मुख्य मार्ग पर ग्राम बांसाझाल स्थित पुलिया क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण इस मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे फिलहाल वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के अधिकारी एवं कर्मचारी क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत एवं यातायात को जल्द से जल्द बहाल करने के कार्य में जुटे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग को सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।

छोटी गाड़ियों एवं छोटी बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग
रतनपुर → बांसाझाल घटना स्थल से पहले दाहिनी ओर मुड़कर → बारीडीह बस्ती होते हुए → मुख्य मार्ग → गौरेला-पेंड्रा।
यह मार्ग केवल छोटी गाड़ियों एवं छोटी बसों के लिए उपयुक्त बताया गया है।
अन्य वैकल्पिक मार्ग
• रतनपुर → शनिचरी चौक → जूना शहर → जोगीपुर चौक → अमाली → कंचनपुर → बेलगहना रोड।
• रतनपुर → कोटा → बेलगहना → पेंड्रा।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

