सुर्खियां

पोंडी के नर्मदा आश्रम में 105 फलदार और औषधीय पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कोटा – पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्सव युवा मंडल रतनपुर एवं ‘मेरा युवा भारत’ बिलासपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत पोंडी (स) स्थित अरपा रोड के श्री सिद्ध दक्षिणमुखी बटुकेश्वर हनुमान द्वार नर्मदा आश्रम परिसर में विशाल वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 105 फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।


इस अभियान में आंवला, जामुन, सीताफल, सिंदूर, अमरूद और अर्जुन सहित कई उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। आयोजन मां नर्मदा उद्गम विकास समिति के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और पौधों के संरक्षण का संदेश दिया गया।


अभियान को सफल बनाने में समाजसेवी ओंकारेश्वर शर्मा तथा उत्सव युवा मंडल रतनपुर के अध्यक्ष संजीव कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, ‘मेरा युवा भारत’ बिलासपुर के उपनिदेशक नितिन शर्मा ने वृक्षारोपण के लिए फावड़ा और सब्बल जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर अभियान को प्रोत्साहित किया। उत्सव युवा मंडल ने उनके सहयोग और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मां नर्मदा उद्गम विकास समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ वातावरण और फल भी उपलब्ध करा सकें।
यह अभियान क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!