
अवैध संबंध के चलते महिला की गला घोंटकर हत्या, खेत में फेंका शव
GPM पुलिस की तत्परता से हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में चौकी कोटमीकला पुलिस द्वारा महिला की हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
मामला दिनांक26/07/2026 को ग्राम सेखवा मेन रोड के पास विमलाबाई गोंड के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना पर चौकी कोटमीकला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
प्रारंभिक जांच में मृतिका की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस टीम द्वारा आसपास के गांवों एवं क्षेत्र में पूछताछ कर मृतिका की पहचान कराने के प्रयास किए गए। जांच के दौरान मृतिका की पहचान संतोषी बाई, पति स्व. इतवार सिंह आयाम, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी ग्राम बैरा कलेवानार थाना पसान के रूप में हुई।
मृतिका के शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसकी मृत्यु गला घोंटने के कारण होना पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर मामले की गंभीरता से जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस जांच में हुआ हत्या का खुलासा
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए तथा संदेहियों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए, जिसके आधार पर नान्हू प्रसाद पिता सूरजदीन चौधरी, उम्र 38 वर्ष, निवासी फूलवारीटोला, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी द्वारा अवैध संबंध के चलते संतोषी बाई की गला घोंटकर हत्या करना तथा हत्या के बाद शव को ग्राम सेखवा स्थित खेत में ले जाकर फेंकना स्वीकार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सफेद गमछा बरामद किया गया। आरोपी द्वारा घटना के साक्ष्य छिपाने का प्रयास किए जाने के कारण प्रकरण में धारा 238 बीएनएस भी जोड़ी गई।
आरोपी गिरफ्तार
प्रकरण में आरोपी नान्हू प्रसाद पिता सूरजदीन चौधरी, उम्र 38 वर्ष, निवासी फूलवारीटोला, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) को दिनांक 04.08.2026 को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
GPM पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित जांच के माध्यम से मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है।