सुर्खियां

विश्व हाथी दिवस पर हाथी संरक्षण एवं सुरक्षित सह-अस्तित्व का दिया संदेश

‘गज संकेत’ ऐप का शुभारंभ, हाथी मित्र दल को टी-शर्ट एवं टॉर्च वितरित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:  विश्व हाथी दिवस के अवसर पर वन परिक्षेत्र मरवाही में हाथी संरक्षण, हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम एवं जन-जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के., वनमंडलाधिकारी  कुमार निशांत, वन सभापति  राधा रैदास सहित जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं हाथी मित्र दल के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विगत वर्षों में हाथियों के कारण जनहानि से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें जिला प्रशासन एवं वन विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। प्रभावित परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के साधनों से जोड़ने तथा पात्र प्रकरणों में शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई।

कलेक्टर ने कहा कि मानव और हाथी दोनों की सुरक्षा प्रशासन एवं वन विभाग की प्राथमिकता है। हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम के लिए प्रशासन, वन विभाग, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों की उपस्थिति की सूचना तत्काल वन विभाग को देने तथा हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें परेशान करने से बचने की अपील की। वनमंडलाधिकारी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं गश्त की जा रही है। उन्होंने हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम के लिए ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और वन विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की।

‘गज संकेत’ ऐप से हाथियों की गतिविधियों की होगी निगरानी

कार्यक्रम में ‘गज संकेत’ ऐप का शुभारंभ किया गया। ऐप के माध्यम से हाथियों की उपस्थिति एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी का त्वरित संकलन एवं आदान-प्रदान किया जा सकेगा, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में समय पर सतर्कता एवं आवश्यक कार्रवाई में सहायता मिलेगी।इस अवसर पर हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम में सक्रिय हाथी मित्र दल के सदस्यों को टी-शर्ट एवं टॉर्च वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानव एवं हाथियों के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व को बढ़ावा देना, जनहानि की घटनाओं को रोकना तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!