सुर्खियां

गौ मांस के साथ आरोपी गिरफ्तार, 7 किलो मांस बरामद

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बेलगहना पुलिस ने गौ मांस रखने और काटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 7 किलो मांस और मांस काटने में प्रयुक्त एक टंगली (धारदार औजार) जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर ने सूचना दी थी कि ग्राम करहीकछार स्थित बिजली ऑफिस के पास रहने वाला एक व्यक्ति गौ मांस को काटकर रख रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई।
तड़के सुबह पुलिस टीम ने करहीकछार गांव में दबिश दी, जहां आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी (उम्र 53 वर्ष) को उसके घर के आंगन में मांस काटते हुए पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह गाय और भैंस के मांस को काटकर सुखाकर रखता था और खाने के लिए उपयोग करता था।
पुलिस ने मौके से लगभग 7 किलोग्राम कटा हुआ मांस और एक टंगली जब्त की। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5 और 10 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कार्यवाही की।

Back to top button
error: Content is protected !!