
बिलासपुर – ग्राम पंचायत नेवसा में शुक्रवार को भक्ति और उत्साह के साथ अखण्ड नवधा रामायण यज्ञ का शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत संध्या 6 बजे गुड़ी चौक से भव्य कलश यात्रा निकालकर की गई।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गांव की गलियों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए यात्रा पुनः यज्ञ पंडाल पहुंची। इस दौरान “जय श्री राम” के नारों से पूरा नेवसा गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया। यात्रा में शामिल कन्याएं सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा भाव से आगे बढ़ती नजर आईं।

आचार्य पं. संतोष मिश्रा ने विधि-विधान से कलश पूजन कर यज्ञ का विधिवत शुभारंभ कराया। यह अखण्ड नवधा रामायण यज्ञ 27 मार्च से प्रारंभ होकर 6 अप्रैल तक चलेगा।

आयोजन के समापन अवसर पर हवन, पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा और ब्राह्मण भोज का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए अखण्ड नवधा रामायण यज्ञ समिति के सदस्य और ग्रामवासी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। साथ ही अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से गायन-वादन में सहभागिता की अपील भी की गई है।

