
कोटा – रतनपुर थाना क्षेत्र के जुनाशहर वार्ड क्रमांक 15 में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के पास स्थित एक बावली में 20 वर्षीय युवक की लाश तैरती मिली। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बावली से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान जगदीश पोर्ते, पिता जगत पोर्ते, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हरेली पर्व की रात जगदीश कथित रूप से नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों से उसका विवाद हो गया, जिसके बाद वह घर से निकल गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन की।
शुक्रवार सुबह घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बावली में लोगों ने युवक का शव पानी के ऊपर तैरता देखा। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बावली से बाहर निकलवाया।
हादसा या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले को हादसा और आत्महत्या समेत विभिन्न पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं रतनपुर पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।




