सुर्खियां

कुरदर पर्यटन रिसॉर्ट में हिरण शिकार का खुलासा, मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में वन्यजीव शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोटा क्षेत्र के बेलगहना वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुरदर स्थित एक रिसॉर्ट में हिरण का शिकार कर उसका मांस पकाए जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान किचन में हिरण का मांस पकता हुआ मिला, जिसे मौके से जब्त कर लिया गया।


वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह रिसॉर्ट पर्यटन मंडल द्वारा संचालित है और यहां 8–10 कर्मचारी कार्यरत हैं। जांच में पता चला कि हिरण का मांस रिसॉर्ट के मैनेजर और कर्मचारियों के लिए तैयार किया जा रहा था।

छापेमारी के बाद टीम ने कुक रामकुमार टोप्पो, मैनेजर रजनीश सिंह सहित रमेश यादव और संजय वर्मा समेत कुल 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के दौरान मैनेजर और अन्य कर्मचारियों ने खुद को बचाने की कोशिश करते हुए मांस के स्रोत की जानकारी होने से इनकार किया और पूरा आरोप कुक पर डाल दिया। वहीं कुक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि उसे गांव के जनक बैगा द्वारा पत्तों में मांस लाकर दिया गया था। फिलहाल वन विभाग सभी आरोपियों के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रहा है।

वन विभाग ने जब्त मांस को जांच के लिए जबलपुर स्थित प्रयोगशाला भेजने की बात कही है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि मांस हिरण का ही है या नहीं। हालांकि, मौके से हिरण के अन्य अवशेष नहीं मिले हैं।
क्षेत्र में पहले भी हो चुकी हैं शिकार की घटनाएं
कोटा-बेलगहना क्षेत्र में पहले भी वन्यजीव शिकार के मामले सामने आते रहे हैं। जंगलों में करंट लगाकर बाघ, तेंदुआ और जंगली सुअरों का अवैध शिकार किए जाने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!