
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। पेंड्रारोड स्थित गुरुकुल खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 49 व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में पेंड्रा वन परिक्षेत्र के वनपाल प्रकाश बंजारे को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान एवं पौधा तैयारी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वन विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण एवं पौधा तैयार करने के कार्य में वनपाल प्रकाश बंजारे के योगदान की सराहना की गई। सम्मान मिलने पर पेंड्रा वन परिक्षेत्र के कर्मचारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।





