

बिलासपुर – जिले के जंगलों में अवैध कटाई के बढ़ते मामलों के बीच कोटा परिक्षेत्र में वन विभाग ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन की अवैध लकड़ी और दो पिकअप वाहन जब्त किए हैं। हालांकि दबिश के दौरान वन अपराधी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
शासन स्तर पर वनों की अवैध कटाई, अतिक्रमण और अवैध उत्खनन पर नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश जारी हैं। छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक के निर्देशानुसार सभी परियोजना मंडलों में नियमित भ्रमण के साथ सामयिक एवं रात्रिकालीन गश्त की जा रही है।
इसी क्रम में 1 मार्च 2026 को सूचना मिलने पर कोटा परिक्षेत्र अंतर्गत सेमरिया–दानोखार मार्ग, कक्ष क्रमांक पी/805 में वन विभाग की टीम ने रात में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो पिकअप वाहनों में सागौन के लट्ठे लदे मिले। वन अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सके।

क्या-क्या हुआ जब्त
पिकअप वाहन क्रमांक CG 13 L 2428 (अनुमानित मूल्य ₹3 लाख)
10 नग सागौन लट्ठा (0.762 घनमीटर)
प्रकरण क्रमांक 78/49, दिनांक 02.03.2026 दर्ज
pिकअप वाहन क्रमांक CG 10 AY 9034 (अनुमानित मूल्य ₹5 लाख) 2 नग सागौन लट्ठा (0.107 घनमीटर)
प्रकरण क्रमांक 78/48, दिनांक 02.03.2026 दर्ज
जब्त वनोपज का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹40 हजार आंका गया है। वन विभाग द्वारा अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक बिलासपुर अभिषेक सिंह, मंडल प्रबंधक कोटा परियोजना मंडल सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन तथा उपमंडल प्रबंधक आशुतोष सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान का संचालन परियोजना परिक्षेत्र अधिकारियों विवेक देवांगन और रवि कुमार जगत ने किया। टीम में सहायक परियोजना क्षेत्रपाल, अन्य वन कर्मचारी एवं रोपण सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।
वन अपराध के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई पर निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए सभी वन क्षेत्रों में सतर्कता के साथ कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आगामी गोपनीय प्रतिवेदन में वन सुरक्षा एवं संवर्धन में अधिकारियों/कर्मचारियों की भूमिका का उल्लेख किए जाने की बात कही गई है।
जिले में लगातार सामने आ रहे मामले
गौरतलब है कि बिलासपुर जिले के जंगलों में अवैध कटाई के मामले लगातार उजागर हो रहे हैं। पूर्व में सीपत क्षेत्र के सोती देवरा जंगल में भी बड़ी मात्रा में अवैध कटाई का मामला सामने आया था, जिसमें भारी मात्रा में लकड़ी जब्त की गई थी।
कोटा परिक्षेत्र की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब जिले में जंगलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं और वन क्षेत्र में सक्रिय गिरोहों की गतिविधियां चर्चा में हैं। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।


