सुर्खियां

कोटा बीईओ कार्यालय में 30 लाख की गड़बड़ी, दो कर्मचारियों पर केस दर्ज

कोटा – कोटा थाना क्षेत्र में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय से जुड़ा करीब 30 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है। मामले में थाना कोटा पुलिस ने दो कर्मचारियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विकासखंड शिक्षाधिकारी कोटा श्री नरेंद्र मिश्रा ने थाना पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि सितंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच बीईओ कार्यालय कोटा में पदस्थ लेखापाल नवल सिंह पैकरा तथा कार्यालय कर्मचारी देवेंद्र कुमार पालके ने कथित रूप से कूटरचना कर अपने अन्य भत्तों (Other Allowances) मद में असामान्य वृद्धि दर्शाई।
आरोप है कि इस तरीके से शासकीय राशि लगभग 30 लाख रुपए का गबन किया गया। शिकायत के आधार पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 171/26 पंजीबद्ध कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(4), 338, 340(2), 336(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए दस्तावेजों की जांच की जा रही है। लेखा संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है।

Back to top button
error: Content is protected !!