

बिलासपुर – बिलासपुर जिले के कोटा और बेलगहना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाओं के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

केंदा घाटी में ट्रेलर पलटा, चालक-हेल्पर की मौत
पहली घटना केंदा घाटी की है। मंगलवार सुबह शहडोल-उमरिया से कोयला लोड कर रायपुर की ओर जा रहा ट्रेलर (CG 04 PJ 3515) घाटी से नीचे उतरते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि घाटी मार्ग जर्जर और खस्ताहाल है, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
हादसे में चालक प्रकाश महरा (28 वर्ष), निवासी धनपुरी जिला शहडोल, गंभीर रूप से घायल हो गया। केंदा चौकी पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस ने ट्रेलर में भरा कोयला हटवाया, जिसमें एक अन्य युवक दबा मिला। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। मृतक की पहचान हेल्पर उमेश विश्वकर्मा (25 वर्ष), निवासी धनपुरी शहडोल, के रूप में हुई।
तेली मोड़ पर बाइक पेड़ से टकराई, दो युवकों ने तोड़ा दम
दूसरी घटना कोटा थाना क्षेत्र के तेली मोड़ के पास सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। पुलिस के अनुसार दो युवक एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम पीपरतराई से कोटा की ओर जा रहे थे। तेली मोड़ के अंधे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से टकरा गई।

राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रकाश लहरे (21 वर्ष), निवासी गाड़ापारा थाना लालपुर लोरमी, और आयुष अनंत (16 वर्ष), निवासी पीपरतराई, के रूप में हुई। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।

जांच जारी
पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों सड़क हादसों के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।


