सुर्खियां

जंगली सूअरों का हमला: किसान प्रदीप गुप्ता की इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों में दहशत

बिलासपुर –  जिले के मोहनभाठा क्षेत्र में जंगली सूअरों के हमले से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप गुप्ता मंगलवार सुबह अपने फार्म में टहलने निकले थे। इसी दौरान अचानक जंगली सूअरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दिन पहले भी उसी फार्म में काम करने वाले एक मुंशी पर जंगली सूअरों ने हमला किया था। हालांकि उस घटना में वह बाल-बाल बच गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में हाल ही में केले की फसल हटाए जाने के बाद से जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे खतरा और ज्यादा बढ़ गया है।
घटना के बाद मोहनभाठा और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों की सूचना पहले भी वन विभाग को दी गई थी, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए गए। अब लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, जंगली सूअरों को पकड़ने और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल, इस घटना के बाद यह देखना होगा कि वन विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाता है और जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे पर किस तरह नियंत्रण करता है।

Back to top button
error: Content is protected !!