

कोटा – श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार आमजन को जागरूक करने हेतु चलाए जा रहे ‘चेतना’ अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 26/12/2025 को चौकी बेलगहना क्षेत्र के अंतर्गत संरक्षित जनजाति बैगा बाहुल्य ग्राम दारसागर–कुपाबांधा झरना में ‘सियान चेतना सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक संघ एवं समाजसेवी संस्था के पदाधिकारी डॉ. देवरस जी, तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को ‘सियान चेतना सम्मान’ के अंतर्गत कंबल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित बच्चों को गर्म कपड़े, स्वेटर, बैग एवं कॉपी वितरित किए गए, जिससे वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह एवं आत्मसम्मान की भावना जागृत हुई तथा बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले संरक्षित बैगा जनजाति के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति, यातायात नियमों, तथा अनजान कॉल, लिंक या लालच में आकर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से समाज को सही दिशा मिलती है।


