
कोटा – करगी खुर्द (कोरी पारा) स्थित बाबा कुटिया हनुमान मंदिर एवं दुर्गा मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 20 मार्च से प्रारंभ होकर 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ ले रहे हैं।

कथा के चतुर्थ दिवस, 23 मार्च को भगवान श्रीकृष्ण जन्म की अत्यंत सुंदर और भावपूर्ण कथा का वाचन किया गया। इस दौरान बाल रूप में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी भी निकाली गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इस भागवत कथा का वाचन वृंदावन धाम के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित अमित शर्मा जी द्वारा किया जा रहा है। वे अपनी मधुर वाणी और संगीत के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान की लीलाओं का रसपान करा रहे हैं। कथा संत श्री रामदास जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हो रही है, जो बाबा कुटिया हनुमान जी के परम भक्त एवं मंदिर के संरक्षक, संचालक और पुजारी हैं।

इस धार्मिक आयोजन में सीतापुर (लखनऊ) के श्री रामपत्तीदास जी महाराज तथा संत श्री उद्धवदास जी महात्यागी महाराज भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं।
मंदिर परिसर में स्थित दुर्गा जी के मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा 85 तेल ज्योति कलश एवं 22 घृत ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। यह परंपरा पिछले 12 वर्षों से लगातार जारी है। मंदिर से जुड़े श्री राजारामदास जी महाराज ने बताया कि वर्ष भर विभिन्न धार्मिक आयोजन शिष्य परिवारों एवं ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी गंगा दशहरा पर्व पर अमानाला, अमरकंटक में भी बाबा कुटिया की ओर से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पंडित अमित शर्मा जी द्वारा कथा वाचन किया जाएगा।

श्री राजारामदास जी महाराज ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बनाने की अपील की है। 27 मार्च को इस धार्मिक आयोजन का विधिवत समापन होगा।
