
रायगढ़ – थाना तमनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में पुलिस ने अवैध अफीम खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19-20 मार्च की रात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आमाघाट स्थित खर्राघाट भैर नाला के किनारे अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) सहित पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी (झारखंड) हाल मुकाम आमाघाट बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध अफीम की खेती कर रहा था।
मौके पर दो खेतों में अफीम की फसल पाई गई, जिसमें कुल 60,326 पौधे (वजन 2,877 किलोग्राम) जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये है। इसके अलावा आरोपी के निवास से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम (कीमत लगभग 15 लाख 10 हजार रुपये) भी बरामद की गई।
जांच के दौरान राजस्व विभाग द्वारा बताया गया कि जिस भूमि पर खेती की जा रही थी, वह पांच अलग-अलग खातों में दर्ज है। वहीं एफएसएल टीम ने परीक्षण के बाद पुष्टि की कि जब्त फसल अफीम ही है।
पुलिस ने आरोपी मार्शल संगा सहित इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के खिलाफ थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी का बयान:
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
मार्शल संगा, पिता मिखएल संगा, उम्र 40 वर्ष, निवासी खूंटी (झारखंड)
फरार आरोपी:
इमानवेल भेंगरा एवं सीप्रियन भेंगरा (झारखंड)
जब्त सामग्री:
अफीम पौधे: 60,326 नग (वजन 2,877 किलोग्राम)
तैयार अफीम: 3.02 किलोग्राम
कुल अनुमानित कीमत: 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये
