
कोटा – थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करगी खुर्द में रविवार सुबह हुई हिंसक मारपीट की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मोहन पांडे (44) निवासी करगी खुर्द कोरी पारा, वर्तमान में गनियारी भाडम में रह रहे थे। रविवार सुबह करीब 9 बजे वे अपने साथी शरद कौशिक के साथ गांव पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही राजाराम साहू (21) ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर लाठी-डंडा, फरसा और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।

हमले में मोहन पांडे को फरसे से गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे शरद कौशिक भी हमले में घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजाराम साहू को हिरासत में ले लिया है। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
पुलिस द्वारा एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

