सुर्खियां

तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, प्रशासन की समझाइए पर समाप्त हुआ चक्का जाम

कोटा – मंगलवार दोपहर ग्राम रतखंडी में हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।


जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान जमुना बाई पति पंचराम गोंड (65 वर्ष), निवासी ग्राम मझवानी के रूप में हुई है। वह एक विवाह समारोह में शामिल होने ग्राम रतखंडी आई हुई थीं, इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज गति से आ रहे हाईवा वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि रतखंडी मार्ग पर इन दिनों रेत और गिट्टी से भरे ट्रैक्टर तथा हाईवा वाहनों की आवाजाही बहुत अधिक हो गई है और चालक तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिसके कारण लगातार हादसों की आशंका बनी रहती है।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी। बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह, तहसीलदार बेलगहना रोशन साहू तथा तहसीलदार रतनपुर उमाशंकर लहरे की पहल पर ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
प्रशासन की ओर से मृतक महिला के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!