सुर्खियां

जुआ-सट्टा पर बेलगहना पुलिस का बड़ा प्रहार, सटोरिया गिरफ्तार

कोटा – अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देशों के तहत बेलगहना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंडरापथरा से एक सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम पंडरापथरा में सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मो. समीर अंसारी पिता कलामउद्दीन अंसारी (उम्र 35 वर्ष) निवासी ग्राम पंडरापथरा, चौकी बेलगहना, थाना कोटा, जिला बिलासपुर को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से अन्य लोगों से सट्टा-पट्टी का अंक लेकर सट्टा खेला रहा था। मौके से आरोपी के कब्जे से ₹19,500 के हिसाब की 05 सट्टा-पट्टी, नकद ₹4,120, एक मोबाइल फोन एवं एक पेन जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹14,120 बताई गई है।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी पर धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी पृथक से कार्रवाई कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विगत कई वर्षों से चोरी-छुपे सट्टा खेला रहा था तथा लोगों की नजरों से बचने के लिए मोटरसाइकिल मैकेनिक का कार्य करता था।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर, आरक्षक ईश्वर नेताम एवं आरक्षक धीरज जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बेलगहना पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!