

कोटा – कोटा–लोरमी मार्ग पर ग्राम बांसाझाल चौक के पास दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और उनकी 7 वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि 6 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जमलेश यादव (40 वर्ष), पिता बाला राम यादव, अपनी पत्नी संतोषी यादव (35 वर्ष) तथा बच्चों नन्ही यादव (7 वर्ष) और 6 वर्षीय बेटे के साथ बेलपान मेला घूमने गए थे। मेला से लौटते समय ग्राम बांसाझाल चौक के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा लाया गया। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने जमलेश यादव, उनकी पत्नी संतोषी यादव और बेटी नन्ही यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 6 वर्षीय बेटे की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का मर्ग कायम कर लिया है। देर शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसे शुक्रवार को कराया जाएगा। तब तक शवों को मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


