सुर्खियां

रतनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट में आई स्कूटी सवार युवती, मौके पर मौत

कोटा – शनिवार शाम रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगी अमराई के पास मेन रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जोगी अमराई निवासी खुशबू उर्फ पुष्पांजलि पाव, पिता धन्नू सिंह पाव, उम्र 22 वर्ष, स्कूटी क्रमांक CG 12 BF 4009 से अपने कार्यस्थल से घर लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना आसपास के लोगों ने तत्काल रतनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

परिजनों ने बताया कि खुशबू रतनपुर स्थित एसबीआई कियोस्क सेंटर में कार्यरत थी और रोजाना की तरह शनिवार को ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

फिलहाल रतनपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!