सुर्खियां

कलेक्टर ने ग्रामीणों की सुनी समस्या
जरहाडीह से रजबन्धा मार्ग में जल्द बनेगा पुलिया

जोसेफ/अम्बिकापुर ….. 14 नवंबर 2022/ कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने उदयपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत खोडरी के जरहाडीह से रजबन्धा मार्ग में जल्द पुलिया निर्माण कराने तथा ग्राम पंचायत खरसुरा में नया ट्रांसफार्मर लगवाने की बात कही है। दरअसल सोमवार को कलेक्ट्रेट कैम्पस में कुछ ग्रामीण पहुंचे थे। कलेक्टर ने उनको अपने पास बुलाया। उन्होंने ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्या जानी। ग्रामीणों ने बताया कि उदयपुर जनपद के ग्राम पंचायत खोडरी के जरहाडीह से रजबन्धा मार्ग में अत्यधिक वर्षा के जल प्रवाह से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने कलेक्टर से पुलिया बनाने का आग्रह किया। इसके पश्चात ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत खरसुरा में वोल्टेज की समस्या के कारण नए ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की।


कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने ग्रामीणों से पूछा कि पुलिया कितने में बन जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि लगभग 5 लाख में पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि आप लोगों की मांग जल्द से जल्द पूरी की जाएगी। जल्द ही निर्माण एजेंसी को निर्देशित कर स्थल निरीक्षण और अन्य कार्य पूर्ण कराएंगे। पुलिया निर्माण और नए ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित किया जाएगा। धान खरीदी के संबंध में कलेक्टर ने ग्रामीणों से धान की कटाई और मिंजाई के संबंध में पूछ-ताछ की। उन्होंने कहा कि शासन के द्वारा धान खरीदी प्रारम्भ हो गई है। जल्द से जल्द अपना धान उपार्जन केंद्र में लाएं और शासन की धान खरीदी योजना का लाभ उठाएं।

Back to top button
error: Content is protected !!