
कोटा – ग्राम गनियारी में एक युवक को रोककर मारपीट करने और पैसों की मांग करने के बाद उसकी पल्सर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हुए तीन आरोपियों को कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी बरामद की है। प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दुर्गेश साहू पिता अनिल साहू निवासी ग्राम समडील, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर ने 10 नवंबर 2026 को थाना कोटा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह घरेलू सामान और पटाखे खरीदने के लिए अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BL 1353 से ग्राम गनियारी आया हुआ था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और मारपीट करते हुए पैसों की मांग करने लगे। पैसे नहीं देने पर आरोपी उसकी मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 981/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 119(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभय सूर्यवंशी पिता दुर्गेश सूर्यवंशी उम्र 19 वर्ष, नन्द कुमार केवट पिता स्व. सहोरिक केवट उम्र 19 वर्ष तथा नीरज सूर्यवंशी पिता संतोष सूर्यवंशी उम्र 19 वर्ष शामिल हैं। तीनों आरोपी आजाद चौक मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BL 1353, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये है, तथा लूट की वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों द्वारा पूर्व में थाना सिविल लाइन क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा चुका है।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू (192), सुनील पटेल (1092) एवं दीप सिंह कंवर (1136) की विशेष भूमिका रही।
