
कोटा – रतनपुर सर्व यादव समाज के तत्वावधान में मंगलवार, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में विधि-विधान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गोवर्धन महाराज का भव्य श्रृंगार कर 56 भोग एवं अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। साथ ही हवन-पूजन कर प्रदेशवासियों, नगरवासियों एवं समाज की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

पूजा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। गोवर्धन महाराज के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु एवं प्रदेश महामंत्री मनोज यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई।

आयोजन को सफल बनाने में यादव महिला समाज प्रकोष्ठ एवं युवा यादव समाज प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। महिला प्रकोष्ठ की सदस्यों ने पूजा की तैयारियों, 56 भोग एवं प्रसाद व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली, वहीं युवा प्रकोष्ठ के युवाओं ने अन्नकूट भोजन प्रसाद वितरण की व्यवस्था में सक्रिय योगदान दिया। यादव समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंच व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन सहित कार्यक्रम की अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग किया।

इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, गौ-सेवा, अन्न और परिश्रम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। उसी परंपरा और आस्था को यादव समाज आज भी पूरी श्रद्धा एवं सामाजिक एकता के साथ निभा रहा है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने प्रदेशवासियों, नगरवासियों एवं समाज के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि, प्रगति और आपसी भाईचारे की मंगलकामना की। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को अन्नकूट एवं महाप्रसाद का वितरण किया गया।

इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में कन्हैया यादव, मनोज यादव, बसंत यादव, कृष्णा यादव, शांति यादव, लकेश यादव, बलदाऊ यादव, पूनम यादव, सुनीता यादव, ईश्वरी यादव, कपिला यादव, रिंकी यादव, सपना यादव, रेखा यादव, प्रतिमा यादव, अनीता यादव, शीलू यादव, प्रमिला यादव, उषा यादव, प्रीति यादव एवं सीमा यादव सहित समाज के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
