सुर्खियां

रतनपुर में 10 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा गोवर्धन पूजा महोत्सव, सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु होंगे मुख्य अतिथि, तैयारियां पूर्ण

कोटा – यादव समाज कल्याण समिति रतनपुर के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा महोत्सव 10 नवंबर 2026, मंगलवार को बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारियों द्वारा बैठक आयोजित कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष गोवर्धन पूजा 9 एवं 10 नवंबर को मनाई जा रही है। इस संबंध में यादव समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों की सहमति से निर्णय लिया कि प्रतिवर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए 10 नवंबर को ही गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही नगर, प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की मंगलकामना की जाएगी।

कार्यक्रम में यादव समाज कल्याण समिति, नवयुवक यादव समाज एवं यादव महिला समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहेंगे। इस वर्ष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री रमेश यदु विशेष रूप से शामिल होंगे।

समिति के पदाधिकारियों ने रतनपुर नगर सहित आसपास के क्षेत्र के समस्त नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की विनम्र अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज के इस पारंपरिक एवं धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें और सामाजिक एकता एवं भाईचारे को मजबूत बनाएं।

कार्यक्रम का विवरण

– दिनांक: 10 नवंबर 2026, मंगलवार

– समय: सुबह 10:00 बजे

– स्थान: यादव समाज प्रांगण, राधा-कृष्ण मंदिर / बूढ़ा महादेव मंदिर के पास, रतनपुर

आयोजक: यादव समाज कल्याण समिति, रतनपुर

समिति ने समस्त समाजजनों एवं नगरवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।

Back to top button
error: Content is protected !!