सुर्खियां

बाबा कुटिया हनुमान मंदिर में माता महालक्ष्मी की पंच दिवसीय पूजा-अर्चना, 11 नवंबर को कन्या भोज एवं विसर्जन

कोटा – मरहीकापा, कोरीपारा, करगीखुर्द स्थित बाबा कुटिया श्री हनुमान मंदिर में दीपावली पर्व के अवसर पर माता महालक्ष्मी की पंच दिवसीय पूजा-अर्चना के लिए धनतेरस के दिन 4 नवंबर को मंदिर की बालिका समिति द्वारा विधि-विधान के साथ माता की स्थापना की गई।

माता महालक्ष्मी की स्थापना के पश्चात प्रतिदिन विधिवत पूजा-अर्चना की जा रही है। इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 10 नवंबर 2026 को हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। वहीं 11 नवंबर को कन्या भोज एवं भंडारे के साथ माता महालक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 से प्रतिवर्ष श्रद्धेय संत श्री रामदास जी महाराज के संरक्षण में मंदिर की बालिका समिति द्वारा माता महालक्ष्मी की स्थापना कर नियमित रूप से पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान श्रीधाम वृंदावन से जुड़े पंडित अमित शर्मा द्वारा विधि-विधान के साथ माता की पूजा-अर्चना संपन्न कराई जा रही है। पंडित अमित शर्मा बाबा कुटिया मंदिर में नियमित रूप से पूजा-पाठ करते हैं।

माता महालक्ष्मी की स्थापना एवं पूजन-अर्चन के अवसर पर बाबा कुटिया के श्रद्धालु भक्त बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन एवं पूजन का लाभ ले रहे हैं। मंदिर में पूरे भक्तिमय वातावरण के बीच धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहा है।

इस संबंध में बाबा कुटिया श्री हनुमान मंदिर के पुजारी, संरक्षक एवं श्रद्धेय गुरुजी रामदास जी महाराज ने बताया कि मंदिर में पिछले तीन वर्षों से लगातार माता महालक्ष्मी की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर माता का दर्शन एवं पूजन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसके पश्चात माता महालक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!