सुर्खियां

पिकनिक की खुशियां मातम में बदलीं: औरापानी जलाशय में डूबने से 32 वर्षीय युवक की मौत

कोटा – दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने औरापानी जलाशय पहुंचे 32 वर्षीय युवक की सोमवार सुबह डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, नया सरकंडा गली नंबर-4 निवासी ऋषभ देव (32 वर्ष) सोमवार सुबह अपने पांच दोस्तों के साथ औरापानी जलाशय घूमने पहुंचे थे। सुबह करीब 6:30 बजे सभी दोस्त जलाशय में नहाने उतरे। इसी दौरान ऋषभ अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
साथियों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वे लापता हो गए। घटना की सूचना तत्काल कोटा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
करीब छह घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोपहर लगभग 1 बजे एसडीआरएफ की टीम ने ऋषभ का शव जलाशय से बाहर निकाला। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


बरसात में जलाशयों से दूरी रखने की अपील
यह हादसा एक बार फिर बरसात के मौसम में जलाशयों, बांधों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में नहाने के खतरों को उजागर करता है। बारिश के दौरान जलस्तर और गहराई का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है, जिससे थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे स्थानों पर नहाने या जोखिम उठाने से बचें।

Back to top button
error: Content is protected !!