
कोटा – शराब खरीदने गए दो लोगो के साथ विवाद के बाद मारपीट और बीयर की बोतल से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे उपचार के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में प्रार्थी ओमप्रकाश साहू ने कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए सुनील मरावी, रवि कौशिक समेत दो अन्य लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल छीनकर ले जाने का आरोप लगाया है।

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, पुरानी बस्ती कोटा निवासी ओमप्रकाश साहू अपने परिचित आकाश सक्सेना के साथ शराब खरीदने के लिए कोटा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान गए थे। शराब खरीदने के दौरान आकाश सक्सेना लाइन में लगा हुआ था। इसी दौरान टांडा अमने निवासी सुनील मरावी, रवि कौशिक और उनके दो अन्य साथियों द्वारा कथित रूप से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई।
प्रार्थी का आरोप है कि शराब लेकर दुकान से बाहर मुख्य मार्ग के पास पहुंचने के बाद भी विवाद जारी रहा। इसी दौरान आरोपियों में से किसी एक ने बीयर की बोतल से आकाश सक्सेना के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य लोगों ने ओमप्रकाश साहू और आकाश सक्सेना के साथ हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की।
हमले में आकाश सक्सेना के सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया। उसे उपचार के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं प्रार्थी ओमप्रकाश साहू को भी चोटें आई हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान आकाश सक्सेना का मोबाइल छीनकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
आकाश सक्सेना के अस्पताल में भर्ती होने के कारण ओमप्रकाश साहू ने 1 सितंबर को कोटा थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



