सुर्खियां

करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला

कोटा – करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर सोमवार को एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर जाने से रेलवे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ दिखाई दिया। घटना के बाद मालगाड़ी का इंजन कुछ दूरी तक आगे बढ़ने के बाद रुक गया, जबकि पीछे के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास कार्य के दौरान जेसीबी का बकेट किसी तरह मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह डिब्बों के नीचे फंस गया और इसके चलते डिब्बे पटरी से उतर गए।

वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ युवक जेसीबी का बकेट लेकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी वहां पहुंच गई और बकेट ट्रेन में फंस गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई तथा राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया। रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!