सुर्खियां

सर्पदंश से पीड़ित छात्र का जिला अस्पताल में उपचार जारी, कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर जाना स्वास्थ्य का हाल

बारिश के मौसम में सर्पदंश एवं जहरीले जीव-जंतुओं के काटने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराने की कलेक्टर की अपील

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : ग्राम कोटमी विकासखंड पेण्ड्रा स्थित छात्रावास के एक बालक को सर्पदंश के बाद उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बालक का चिकित्सकीय उपचार एवं निगरानी चिकित्सकों की देखरेख में जारी है। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज जिला चिकित्सालय पहुंचकर सर्पदंश से पीड़ित बालक के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उसके उपचार एवं स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालक के स्वास्थ्य पर निरंतर नजर बनाए रखने और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामेश्वर शर्मा तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
       कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सर्प, बिच्छू एवं अन्य जहरीले कीड़े-मकोड़ों के काटने की घटनाओं के प्रति विशेष सावधानी बरतें। ऐसी स्थिति में घबराने या झाड़-फूंक एवं घरेलू उपचार के चक्कर में समय गंवाने के बजाय पीड़ित व्यक्ति को तत्काल नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल ले जाएं, ताकि समय पर आवश्यक चिकित्सकीय उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि सर्पदंश जैसी आपात स्थिति में समय पर अस्पताल पहुंचना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीणजन अपने आसपास साफ-सफाई रखें, झाड़ियों एवं अंधेरे स्थानों में जाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी विषैले जीव के काटने की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।

Back to top button
error: Content is protected !!