सुर्खियां

‘अब और इंतजार नहीं’… पेंड्रा बाईपास के लिए जिला प्रेस क्लब ने शुरू किया अनिश्चितकालीन जनआंदोलन

दुर्गा चौक पेंड्रा में क्रमिक भूख हड़ताल का आगाज, नगर पालिका अध्यक्ष ने तिलक लगाकर कराया शुभारंभ, पोस्टकार्ड अभियान भी शुरू

गौरेला पेंड्रा मरवाही :  वर्षों से लंबित पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग अब जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। जिला प्रेस क्लब, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के बैनर तले शुक्रवार से पेंड्रा के दुर्गा चौक बस स्टैंड में अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल और जनआंदोलन की शुरुआत की गई। आंदोलन का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने पत्रकारों को तिलक लगाकर एवं कच्चा सूत पहनाकर कराया।


आंदोलन के पहले दिन जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्यों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की। प्रथम दिवस करीब 20 लोगों ने धरना देकर बाईपास निर्माण की मांग को बुलंद किया। साथ ही आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पोस्टकार्ड अभियान का भी शुभारंभ किया गया, जिसके माध्यम से लोग अपनी मांग सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि यह किसी संगठन विशेष का आंदोलन नहीं, बल्कि पेंड्रा की जनसुरक्षा, सुगम यातायात और क्षेत्र के समग्र विकास का अभियान है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस जनहित के आंदोलन में शामिल होने की अपील की।
जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष अखिलेश नामदेव ने बताया कि वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा 13 किलोमीटर लंबे पेंड्रा बाईपास का शिलान्यास किया गया था, लेकिन वर्षों बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। इसका खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले भारी वाहन आज भी शहर के बीचों-बीच से गुजरते हैं, जिससे लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और आम लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष इकबाल सिंह, श्रीकांत चतुर्वेदी, पुरन छाबरिया, आशीष केशरी, पार्षद पारस चौधरी, देवी सिंह, गोपाल जायसवाल और मनोज राय सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी बाईपास निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग का समर्थन किया।

आंदोलन के माध्यम से जिला प्रेस क्लब ने शासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें बाईपास निर्माण के लिए तत्काल बजट जारी करना, निर्माण कार्य की स्पष्ट समय-सीमा घोषित करना, परियोजना की नियमित निगरानी कर उसकी जानकारी सार्वजनिक करना तथा बाईपास बनने तक नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना शामिल है।

प्रेस क्लब ने बताया कि आंदोलन के तहत प्रतिदिन विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, किसान, कर्मचारी, महिला एवं युवा संगठन क्रमिक भूख हड़ताल में शामिल होकर अपना समर्थन देंगे, ताकि क्षेत्र की इस बहुप्रतीक्षित मांग को और अधिक मजबूती मिल सके।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से अखिलेश नामदेव, शरद अग्रवाल, मुकेश विश्वकर्मा, दुर्गेश सिंह बिसेन, राकेश मिश्रा, रामेश्वर तिवारी, संदीप अग्रवाल, उज्जवल तिवारी, प्रवेश शर्मा, रतन केसरवानी, संजय ठाकुर, सुबीर चौधरी, जितेंद्र सोनी, सुनील दया सिंह परिहार, विपत राम सारथी, अभिषेक गुप्ता, शैलेश सोनी, प्रशांत डेनियल, शिवेंद्र तिवारी, आयुष्मान शर्मा सहित जिला प्रेस क्लब के  पत्रकार उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!