सुर्खियां

गतवा फाटक के पास आंखों में मिर्ची डालकर पल्सर बाइक और मोबाइल की लूट, कोटा पुलिस ने चंद घंटों में आरोपियों को दबोचा

कोटा – रेलवे गतवा फाटक के पास मोटरसाइकिल सवार युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले आरोपियों को कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक युवक सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवम कुमार ध्रुव पिता नरपत सिंह ध्रुव निवासी ग्राम खुरदुर, जिला बिलासपुर ने 11 नवंबर 2026 को थाना कोटा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त के घर ग्राम दवनपुर में लक्ष्मी विसर्जन देखने मोटरसाइकिल एनएस पल्सर क्रमांक CG 10 CC 2726 से गया था। कार्यक्रम से वापस लौटते समय रेलवे गतवा फाटक कोटा के पास तीन-चार अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और मोटरसाइकिल से उतरने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया तथा चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसका ओप्पो मोबाइल, पल्सर मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह (रापुसे) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय (रापुसे) के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कैलाश उर्फ बिल्लू पिता रामलाल साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01 पड़ाव पारा कोटा सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा। पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से लूटी गई एनएस पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CC 2726, एक ओप्पो मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त चाकू विधिवत बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी प्र.उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 192 धर्मेंद्र साहू, आरक्षक 1092 सुनील पटेल, आरक्षक 1136 दीप सिंह कंवर एवं आरक्षक 1040 विनोद यादव की विशेष भूमिका रही।

कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का खुलासा होने और आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता सामने आई है।

Back to top button
error: Content is protected !!