सुर्खियां

जन्मदिन पर मां महामाया के दरबार पहुंचे डिप्टी सीएम अरुण साव, कार्यकर्ताओं ने फलों से तौलकर किया भव्य स्वागत

कोटा – छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव अपने जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को धार्मिक नगरी रतनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने सपरिवार मां महामाया देवी के दरबार में मत्था टेककर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

उपमुख्यमंत्री के रतनपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा कश्यप के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, गुलदस्तों और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। स्वागत के नारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।

जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को फलों से तौलकर उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान प्रकट किया। इस अनूठे स्वागत आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। समर्थकों में उत्साह देखते ही बन रहा था।

मां महामाया के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के पश्चात उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां महामाया के आशीर्वाद से ही उन्हें जनसेवा करने की शक्ति और प्रेरणा मिलती है।

धार्मिक नगरी रतनपुर में मां महामाया का आशीर्वाद लेकर उपमुख्यमंत्री अपने अगले प्रवास के लिए रवाना हुए। उनका दौरा कोटा और तखतपुर होते हुए मुंगेली जिले तक निर्धारित था। उपमुख्यमंत्री के जन्मदिन पर रतनपुर में हुए इस भव्य स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Back to top button
error: Content is protected !!