
कोटा – सेक्टर स्तरीय महिला एवं पुरुष एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक ग्रामीण अंचल में स्थित शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय, कोटा के छात्र-छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय को गौरवान्वित किया है। शासकीय नवीन महाविद्यालय सकरी के नेतृत्व में बहतरई स्टेडियम में दिनाँक 19 एवं 20 नवंबर 2026 को आयोजित सेक्टर स्तरीय महिला एवं पुरुष एथलेटिक्स प्रतियोगिता जिसमे संभाग के 20 से अधिक महाविद्यालय ने अपनी सहभागिता रखी इस आयोजन में कोटा महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय के दो खिलाड़ियों का आगामी राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री राजेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने विशेष रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इनमें नंदेश्वरी ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 200 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं अन्नपूर्णा ने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक एवं 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता और निशा ने ऊँची कूद में रजत पदक जीतकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसी क्रम में छात्र वर्ग में अंकित ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए नंदेश्वरी एवं अन्नपूर्णा का महिला वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। आगामी राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 04 से 06 दिसंबर 2026 तक रायपुर में किया जाएगा।इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना पवार ने सभी पदक विजेता एवं चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। ग्रामीण अंचल में स्थित होने के बावजूद महाविद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल सहित विभिन्न विधाओं में निरंतर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां के विद्यार्थियों में अपार संभावनाएं हैं और उचित मार्गदर्शन, परिश्रम एवं अवसर मिलने पर वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं। और इन खिलाड़ियों की सफलता महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से प्रेरित होकर अन्य विद्यार्थी भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। महाविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह ने भी खिलाड़ियों की मेहनत एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों एवं ग्रामीण परिवेश के बीच अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं बिलासपुर जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं ने भी चयनित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना करते शुभकामनायें दी।
