सुर्खियां

वीरांगना झलकारी बाई कोरी जयंती पर 22 नवंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, कोरी समाज ने की अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील

बिलासपुर – वीरांगना झलकारी बाई कोरी जयंती के अवसर पर 22 नवंबर को बिलासपुर कोरी बुनकर समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। समाज की गौरव और वीरता, साहस एवं त्याग की प्रतीक वीरांगना झलकारी बाई कोरी की जयंती पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।

इस अवसर पर बिलासपुर में आयोजित शोभायात्रा बंगालीपारा सरकंडा से प्रारंभ होगी, जो महामाया चौक, नेहरू चौक, देवकीनंदन चौक एवं रामसेतु होते हुए पुनः सुदर्शन भवन, बंगालीपारा पहुंचेगी। यहां सामाजिक जनों के लिए भोजन की व्यवस्था के पश्चात कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समाज के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में समाज के अध्यक्ष श्री भागवत प्रसाद कोरी एवं नवयुवक समिति के अध्यक्ष श्री राजकुमार उरैहा ने संयुक्त रूप से समाज के सभी ग्रामों एवं शहरों के सम्मानित महिला-पुरुषों, युवाओं, वरिष्ठजनों एवं बुजुर्गों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई कोरी का जीवन साहस, वीरता, समर्पण और देशभक्ति की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती सामाजिक एकता और गौरव का प्रतीक है।

Back to top button
error: Content is protected !!