सुर्खियां

गनियारी में मारपीट कर दो मोबाइल लूटने वाले आरोपी कोटा पुलिस की गिरफ्त में, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार, आरोपी के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल

कोटा –  ग्राम गनियारी में मारपीट कर दो मोबाइल फोन लूटने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी महेंद्र कुमार पोर्ते निवासी दर्रिकापा अपने बड़े पिताजी के बेटे के साथ भाई दूज मनाने बिलासपुर गया था। 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे दोनों मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम गनियारी स्थित चक्राकुंड मोड़ के पास प्रार्थी का भाई पेशाब करने के लिए सड़क किनारे गया। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे।

भाई को पिटता देख प्रार्थी बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी और उसके भाई के दो मोबाइल फोन बलपूर्वक लूट लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए गनियारी बस्ती की ओर फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर कोटा थाने में धारा 296, 351(2), 115(2), 309(4), 304(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी कुनानू वर्मा उर्फ नानू वर्मा (27 वर्ष), निवासी वर्मा मोहल्ला, ग्राम गनियारी तथा दो विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BU 7954 जब्त की। मुख्य आरोपी कुनानू वर्मा उर्फ नानू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में की गई।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी प्र.उपनिरीक्षक नागेश्वरी साहू, उपनिरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 192 धर्मेंद्र साहू, आरक्षक 1092 सुनील पटेल, आरक्षक 1136 दीप सिंह कंवर एवं आरक्षक 1040 विनोद यादव की विशेष भूमिका रही।

Back to top button
error: Content is protected !!