
पेंड्रा। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 11 से 18 नवंबर तक देश के हर जनजाति बहुल जिले, विधानसभा और मंडल में ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाएगी। 15 नवंबर को देश जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाता है। इसको लेकर जिला भाजपा के द्वारा जिला प्रेस क्लब भवन पेंड्रा में प्रेस वार्ता का मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, लालजी यादव, राकेश चतुर्वेदी, मनीष श्रीवास, की उपस्थिति में आयोजन किया गया था। जिसमें मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनजातीय समाज के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। प्रेस वक्तव्य में बताया गया कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को तत्कालीन झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू में हुआ था। उन्होंने समाज को नशे और कुरीतियों से दूर रहने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने और विदेशी सत्ता से लड़ने के लिए जगाया। उन्होंने ‘उलगुलान’ का नेतृत्व किया और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का नारा दिया। भाजपा के अनुसार मोदी सरकार ने 2021 में 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया। इसके बाद से हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम हो रहे हैं। 2023 में प्रधानमंत्री ने उलिहातू से पीएम जनमन अभियान शुरू किया। 2024 में जमुई में राष्ट्रीय कार्यक्रम हुआ और 150वीं जयंती पर पूरा वर्ष जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया गया। वहीं लालजी यादव, राकेश चतुर्वेदी ने वक्तव्य में कहा गया कि 2011 की जनगणना के अनुसार देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक हैं, जो कुल जनसंख्या का 8.6 प्रतिशत हैं। 720 अनुसूचित जनजातियां हैं, जिनमें 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह हैं। जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। पीएम जनमन अभियान के तहत 75 पीवीटीजी समुदायों के 12.37 लाख परिवारों तक विकास पहुंचाया जा रहा है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से 63,000 गांवों के 5 करोड़ से अधिक लोगों तक 17 मंत्रालयों की योजनाएं एक साथ पहुंच रही हैं। शिक्षा के लिए 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का लक्ष्य है। पार्टी के कार्यक्रमों के तहत 11 नवंबर को प्रदेश मुख्यालयों और 12 नवंबर को जनजाति बहुल जिला मुख्यालयों पर प्रेस वार्ता, 14 नवंबर को स्मारकों व मूर्तियों की सफाई और दीपोत्सव, 15 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतिमा और हर मंडल में चित्र पर पुष्पांजलि होगी। 16, 17 और 18 नवंबर को विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद आयोजित होंगे। इसके साथ ही जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।। वहीं इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे थे।


