
कोटा – नगर में स्वर्गीय श्री भगवान सिंह पवार की स्मृति में दो दिवसीय राष्ट्रीय विराट कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के चयनित पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपने शानदार दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता को देखने के लिए कोटा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी पहुंचे। रोमांचक मुकाबलों के दौरान पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। भिलाई एवं रतनपुर के पहलवानों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली और हरियाणा के पहलवानों को कड़ी टक्कर दी और कई मुकाबलों में जीत हासिल कर पुरस्कार अपनी झोली में डाले। वहीं हरियाणा एवं दिल्ली के पहलवानों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए केसरी सहित विभिन्न पदक एवं पुरस्कार प्राप्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अटल श्रीवास्तव रहे। अध्यक्षता श्रीमती सरोज साहू ने की। इस अवसर पर रामलाल साहू, एमएल साहू, आदित्य दीक्षित, प्रकाश जायसवाल, सुरेश चौहान, बदरुद्दीन खत्री, विष्णु अग्रवाल, वेंकट अग्रवाल सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की ओर से कुमार एवं अभिमन्यु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। आयोजन स्थल पर पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया।

विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। पूर्व विधायक डॉ. रेणु जोगी के नेतृत्व में अजय जायसवाल द्वारा विजेता पहलवानों को ट्रॉफी, पदक एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता पहलवानों का अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने उत्साहवर्धन किया।

आयोजकों ने कहा कि कोटा नगर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस आयोजन से स्थानीय पहलवानों को देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने का अवसर मिला है। नगरवासियों में भी इस प्रतियोगिता को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

स्वर्गीय भगवान सिंह पवार की स्मृति को समर्पित इस राष्ट्रीय कुश्ती दंगल का आयोजन डॉ. रणजीत सिंह पवार एवं उनके परिवार द्वारा सामूहिक रूप से कराया गया। आयोजन की सफलता से उत्साहित आयोजक परिवार ने भविष्य में भी स्वर्गीय भगवान सिंह पवार की स्मृति में हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।





