सुर्खियां

छात्रा ज्योति खांडे का बिलासपुर विश्वविद्यालय की खो-खो टीम में हुआ चयन, ओडिशा में दिखाएंगी अपना जौहर

कोटा – शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय, कोटा के लिए यह गर्व का क्षण है कि महाविद्यालय की एक होनहार छात्रा ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर की टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए जानकारी साझा की है कि आगामी पूर्वी क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन खो-खो प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन फकीर मोहन विश्वविद्यालय, बालासोर (ओडिशा) में 10 से 13 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी सहभागिता दर्ज कराने हेतु छात्रा का चयन उनकी उत्कृष्ट खेल क्षमता के आधार पर हुआ है।
चयन प्रक्रिया और प्रतिस्पर्धा
इस उच्च स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया। यह चयन प्रक्रिया 2 फरवरी 2026 को शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के कुल 11 सेक्टरों की टीमों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। कड़े मुकाबले और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय की इस छात्रा ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर की टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। विदित हो कि शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अग्रणी रहा है। कोटा अंचल का यह एकमात्र शासकीय महाविद्यालय है जो प्रतिभाशाली छात्रों से सुशोभित है। ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं के संगम वाले इस संस्थान ने हमेशा से ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया है, जिसका परिणाम आज ज्योति खांडे जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धि के रूप में सामने आ रहा है।
प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का शुभकामना संदेश छात्रा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य  डॉ. नाज बेंजमीन ने अपना शुभकामना उद्बोधन में कहा की “उद्यमेन ही सिध्यन्ति कार्याणि न मनोरथैः।” (अर्थात्: कार्य परिश्रम से ही सिद्ध होते हैं, केवल इच्छा करने से नहीं)
छात्रा की यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का परिणाम है। यह न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे कोटा अंचल के लिए गर्व का विषय है। हमें विश्वास है कि वह ओडिशा में होने वाली प्रतियोगिता में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी साथ ही बताया की खेल हमें टीम वर्क और विपरीत परिस्थितियों में लड़ने की शक्ति देते हैं। ज्योति की इस सफलता से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी और महाविद्यालय का खेल विभाग भविष्य में भी ऐसी प्रतिभाओं को निखारने का कार्य करता रहेगा। साथ ही, महाविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपना हर्ष व्यक्त किया है, आगामी प्रतिस्पर्धा में जीत हाशिल करने और छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Back to top button
error: Content is protected !!