सुर्खियां

NH-130 हाईवे लूटकांड का खुलासा, रतनपुर पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर – थाना रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर हाईवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की वारदात का रतनपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त दो कारों सहित लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी तिवरता थाना दीपका जिला कोरबा, अपने तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 19 AE 3400 से बिल्हा क्षेत्र में मेला देखने गया था। मेला देखकर लौटते समय रतनपुर के पहले नेशनल हाईवे पर पेशाब करने के लिए हाईवे किंग ढाबा के पास गाड़ी रोकने पर दो कारों में सवार चार युवक वहां पहुंचे और प्रार्थी के साथ मारपीट कर उसकी कार, तीन मोबाइल फोन तथा महिला पर्स में रखी 7–8 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 76/26, धारा 126(2), 309(4), 3, 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों को जिला कोरिया एवं अंबिकापुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के माध्यम से रुपये दोगुने करने के झांसे में आकर प्रार्थी विजय कुमार राज के बहकावे में 2.5 लाख रुपये की ठगी का शिकार हुए थे। रुपये वापस न मिलने पर आरोपियों ने अपनी क्रेटा और अर्टिगा कार से पीछा कर रतनपुर के ग्राम मदनपुर के पास मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
विद्यादास महंत (43 वर्ष), निवासी सीतापुर, जिला सरगुजा
रामसुंदर (32 वर्ष), निवासी बनखेता खरवर, जिला कोरिया
राजीव कुमार सिंह (37 वर्ष), निवासी हर्रापारा, बैकुंठपुर
गुलशन कुजुर (47 वर्ष), निवासी चरचा कॉलरी, जिला कोरिया
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन, 8 हजार रुपये नकद (कुल कीमत लगभग 2 लाख 28 हजार रुपये) की बरामदगी की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक क्रेटा कार, एक अर्टिगा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या रुपये दोगुने करने का झांसा देने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठोतिया, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक शशिकांत तिवारी, मनीष जायसवाल एवं देवानंद चंद्राकर का विशेष योगदान रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!