सुर्खियां

हार्वेस्टर और ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कोटा – धान कटाई के लिए रखे हार्वेस्टर और ट्रैक्टर से बैटरी सहित अन्य सामान चोरी करने के मामले में कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में तीन पंजाब के पटियाला जिले और दो बिलासपुर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर की एक बैटरी, हार्वेस्टर का एक एम्प्ली तथा सात नग पाना सहित कुल 8 हजार रुपये का सामान जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चेतना अभियान के तहत अपराधों की रोकथाम और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को ग्राम दर्रिकापा निवासी प्रार्थी ने थाना कोटा पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम दर्रिकापा में खेती-किसानी का काम करता है। धान कटाई के लिए पिछले पांच वर्षों से उसके पास हार्वेस्टर और ट्रैक्टर है, जिसे चलाने के लिए पंजाब से लक्खा सिंह आता था। इस वर्ष खेती के काम के लिए लक्खा सिंह का बेटा आशु मेहरा आया हुआ था। इसी दौरान 21 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे लक्ष्मी पटेल ने घर पहुंचकर सूचना दी कि धान कटाई के लिए रखे हार्वेस्टर, ट्रैक्टर एवं अन्य सामान से चोरी हुई है।

रिपोर्ट पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 1030/2026, धारा 303(2), 112 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

1. लवली (21 वर्ष), निवासी अर्नेट-2, थाना बादशाहपुर, जिला पटियाला (पंजाब)।

2. गुरविंदर राम (27 वर्ष), निवासी अर्नेट-6, थाना बादशाहपुर, जिला पटियाला (पंजाब)।

3. आशु मेहरा (22 वर्ष), निवासी सुधारनपुर, थाना बादशाहपुर, जिला पटियाला (पंजाब)।

4. गोलू उर्फ रवि साहू (26 वर्ष), निवासी खैरा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।

5. चंद्र देव पटेल (23 वर्ष), निवासी खैरा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।

ये सामान हुआ जब्त: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नग ट्रैक्टर की बैटरी, एक नग हार्वेस्टर का एम्प्ली तथा सात नग पाना बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 8 हजार रुपये बताई गई है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह (785) सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।

Back to top button
error: Content is protected !!