सुर्खियां

पवित्र श्रावण मास में बाबा कुटिया श्री हनुमान मंदिर में श्री रुद्राभिषेक का हुआ समापन

कोटा – पवित्र श्रावण मास के अवसर पर मरहीकापा, कोरीपारा (करगीखुर्द) स्थित बाबा कुटिया श्री हनुमान मंदिर में आयोजित आठ दिवसीय श्री रुद्राभिषेक एवं रुद्र निर्माण कार्यक्रम का सोमवार, 17 अगस्त को विधि-विधान और श्रद्धापूर्वक समापन हुआ। 10 अगस्त से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन रुद्र निर्माण कर भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना की गई।


कार्यक्रम के दौरान वृंदावन से पहुंचे श्री अमित मिश्रा महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूरे सप्ताह मंदिर परिसर में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं, महिलाओं और कन्याओं सहित आसपास के गांवों तथा कोटा क्षेत्र से पहुंचे भक्तों ने रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान शिव की आराधना की।


रुद्र निर्माण के पश्चात ग्रामीण श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए प्रतिदिन गांव के तालाब में रुद्र का विसर्जन करते रहे। अंतिम दिवस भी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया। इसके साथ ही विधि-विधानपूर्वक रुद्र निर्माण का विसर्जन कर अगले वर्ष पुनः आयोजन की कामना के साथ कार्यक्रम का विश्राम किया गया।
बताया गया कि बाबा कुटिया श्री हनुमान मंदिर में पिछले आठ वर्षों से श्री गुरुजी राजारामदास जी महाराज के पावन सानिध्य में श्रावण मास के दौरान रुद्र निर्माण एवं श्री रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक परंपरा में मरहीकापा, कोरीपारा, करगीखुर्द, बीजा, ढनढन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालु प्रतिवर्ष उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं।


समापन अवसर पर श्री गुरुजी राजारामदास जी महाराज एवं श्री अमित मिश्रा महाराज के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भक्तजन उपस्थित रहे। आठ दिनों तक चले इस आयोजन के समापन पर मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।

Back to top button
error: Content is protected !!