सुर्खियां

शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय कोटा में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर परिचर्चा आयोजित

कोटा – अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय कोटा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं रेड रिबन क्लब के द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई तथा स्वामी विवेकानंद का जीवन दर्शन एवं राष्ट्र के विकास में युवाओं का योगदान विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया . इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नाज़ बेंजामिन ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए अपने उद्बोधन में बताया कि स्वामी विवेकानंद राष्ट्रीय चेतना के अग्रदूत एवं युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत हैं. स्वामी विवेकानंद ने समाजसेवा का संदेश दिया है, राष्ट्रप्रेम को परिभाषित किया है, अपने ज्ञान और संस्कारों से भारत का नाम विदेश में भी रोशन किया है. स्वामी विवेकानंद का जीवन हम सभी के लिए अनुकरणीय है. वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सपना पवार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद विवेक और आनंद का सम्मिश्रण हैं. युवाओं को स्वामी जी के आदर्शों पर चलते हुए और अपनी रचनात्मक शक्ति का प्रयोग करते हुए देश के विकास के लिए सृजनात्मक कार्य करने चाहिए. राजनीति शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमिला देवी मिरी ने बताया कि युवा किसी भी राष्ट्र के विकास का आईना होते हैं. युवाओं में नदी के समान विध्वंसात्मक और रचनात्मक दोनों शक्तियां हैं. युवाओं को स्वामी विवेकानंद के सामान देश सेवा और समाज सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर समर्पित कर देना चाहिए. इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ए. के. पाण्डेय ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के जीवन से पवित्र चिंतन, निष्काम सेवा, संस्कार, समर्पण एवं त्याग की भावना की सीख लेने कि अपील की. रेड रिबन क्लब एवं यूथ रेडक्रॉस सोसायटी प्रभारी डॉ. संजू पाण्डेय ने बताया कि स्वामी जी युवाओं के पथ प्रदर्शक, महान विचारक, दार्शनिक, भारत की सांस्कृतिक अवधारणा का सारे विश्व में डंका बजाने वाले योगी थे. इस अवसर पर स्वयंसेवक सुभाष, आँचल, अनुसुइया, खुशबु, अंशु, एवं आशा ने भाषण एवं गीत के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन और सामाजिक योगदान की जानकारी प्रदान की. कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शांतनु घोष ने किया. इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही।

Back to top button
error: Content is protected !!